इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री प्रबोवो सुबियांतो, भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए देश की राजकीय यात्रा पर हैं, ने आज संसद भवन का दौरा किया। संसद भवन में उनका स्वागत करते हुए, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि भारत की उनकी यात्रा का विशेष महत्व है क्योंकि यह भारत के गणतंत्र बनने के 75 वर्ष पूरे होने के साथ संबद्ध है।
राष्ट्रपति सुबियांतो ने नए संसद भवन की वास्तुकला और पूरे संसद भवन में प्रदर्शित विभिन्न कलाकृतियों, सांस्कृतिक विरासत एनं स्थापनाओं के प्रति गहरी रुचि दिखाई और उनकी सराहना की। लोकसभा अध्यक्ष श्री बिरला ने राष्ट्रपति सुबियांतो को सूचित किया कि इन कलाकृतियों की संकल्पना देश के साहित्यिक, प्रतीकात्मक, वास्तुशिल्प संसाधनों और कलात्मक अभिव्यक्तियों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
उन्होंने कहा कि ये कलाकृतियां और सांस्कृतिक विरासत की कलाकृतियां समय के साथ विकसित होती भारत की परंपरा का प्रतिनिधित्व करती हैं। दोनों नेताओं ने भारत की समृद्ध संसदीय प्रणाली और दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा की। इस अवसर पर श्री बिरला ने महामहिम प्रबोवो सुबियांतो को भारत के संविधान की एक प्रति और संसद भवन की प्रतिकृति भेंट की।
भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरे संबंध हैं, जिनकी जड़ें इतिहास में गहराई से जुड़ी हुई हैं। रामायण और महाभारत महाकाव्यों से प्रभावित ये संबंध दोनों देशों के सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों में परिलक्षित होते हैं, जो समय के साथ और भी ज्यादा प्रगाढ़ हुए हैं।