हिमाचल प्रदेश की मंत्री विद्या स्टोक्स (88) सोमवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंच से गिर पड़ीं, जिसके कारण उनके सिर में चोट आई है। एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि स्टोक्स भाषण देने के बाद अपनी सीट की ओर बढ़ रही थीं तभी वह गिर पड़ीं। उन्होंने कहा कि हालांकि वह अब ठीक हैं, लेकिन उनके सिर में चोट आई है। सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री स्टोक्स ने शाम में राजभवन में आयोजित 'एट होम' समारोह में हिस्सा लिया। स्टोक्स आठवीं बार विधायक चुनी गई हैं। पहली बार वह 1974 में विधायक बनी थीं। वह लंबे समय तक भारतीय हॉकी की प्रशासक रही हैं।