राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने व लोगों से सीधे संवाद करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज शाम चौरासी विधानसभा क्षेत्र के गांव पंडोरी रुकमन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और समाधान का भरोसा दिलाया।
स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि गांवों की पंचायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ हैं और ग्रामीण विकास में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से नशे के खिलाफ सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुहिम को सफल बनाने में पंचायतों का सक्रिय सहयोग बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हाल ही में की गई घोषणा के अनुसार, जो भी गांव स्वयं को नशा मुक्त घोषित करेगा, उसे सरकार की ओर से एक लाख रुपए की वित्तीय सहायता के साथ-साथ अन्य आधुनिक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। ऐसे गांवों को मॉडल गांवों के रूप में विकसित किया जाएगा।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सरपंचों के लिए 2000 रुपए प्रतिमाह के मान-भत्ते की शुरुआत की है, जो उनके चुने जाने के दिन से लागू होगा। यह कदम सरकार की पंचायतों और ग्रामीण विकास के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा पंचायतों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि जन-हितैषी नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन गुरविंदर सिंह पाबला, हरप्रीत सिंह धामी, सरपंच मनजिंदर कौर, मंजीत सिंह चड्ढा, सरपंच नसराला जरनैल सिंह, सुखदेव सिंह, जतिंदर सिंह पन्नू के अलावा गांव वासी उपस्थित थे।