जम्मू एवं कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को भूस्खलन से सात लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि रियासी के सेहर बाबा इलाके में एक झरने के अंदर बड़ी संख्या में लोग नहा रहे थे कि तभी ऊपर चोटी से एक बड़ा पत्थर नीचे आ गिरा और नहा रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। अधिकारियों ने इस घटना में पहले पांच लोगों की मौत की पुष्टि की थी, जबकि सूत्रों का कहना है कि मरने वालों की संख्या सात है। शाम 3:50 पर हुई इस घटना में 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस, सेना और स्थानीय लोगों ने बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने कहा, सभी घायलों को कटरा शहर के नारायाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरा विवरण राहत अभियान के समाप्त होने के बाद सामने आएगा।