नकाबपोशों के हमले के डर से लोग सहमे
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला , 24 Sep 2013
कांगड़ा-ऊना सीमा क्षेत्र इन दिनों अज्ञात नकाबपोशों की बंदूक की नोक पर है। नकाबपोशों के हमले के डर से सीमांत क्षेत्रों के लोग सहमे हुए हैं। एक सप्ताह पहले चौली के एक दंपति पर गोली चलाकर लूटपाट करने वाले अज्ञात नकाबपोश आज दिन तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। वहीं रविवार को कांगड़ा के सीमांत क्षेत्र के साथ लगते इलाके अंब के निकट एक और दंपति पर नकाबपोशों ने हमला कर दिया। इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।वारदात के दौरान यह दंपति भी बाइक पर अंब की जा रहा था। लेकिन लड़ोह गांव के निकट उन पर अज्ञात नकाबपोशों ने गोली चला दी। इससे अंब के निकट लगते इंदौरा निवासी अश्वनी कुमार की मौत हो गई। जबकि इसी तरह के पूर्व में घायल हुए भूपेंद्र सिंह का इलाज आज भी जालंधर में चल रहा है। दूसरी बार भी ऐसी ही वारदात से उपमंडल देहरा के सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोग दहशत में हैं। लोग पहले रात को निकलने से डरते थे। अब दिन में भी हमले होने से इलाके की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। हिमाचल जैसे शांत राज्य में इस तरह की वारदात होने से पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव है। पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र पकड़कर लोगों के बीच विश्वास जगाने की जरूरत है। कुल मिलाकर देखा जाए तो जिले के सीमांत क्षेत्र में हालात बिगड़ते दिख रहे हैं। उधर, डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बताया कि चौली के दंपति पर हमले के आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी है।