हम 10 वर्षो तक हैदराबाद में रह सकते हैं : एन. चंद्रबाबू नायडू
Web Admin
5 दरिया न्यूज
हैदराबाद , 17 Aug 2014
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि संसद द्वारा पारित विधेयक ने उनके राज्य की सरकार को हैदराबाद में 10 वर्षो तक बने रहने का अधिकार दिया है और बंटवारे से संबंधित सभी मुद्दे का समाधान वैधानिक रूप से किया जाना चाहिए। राज्य पुनर्गठन पर एक श्वेत पत्र जारी करते हुए नायडू ने तेलंगाना से आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम का अनुपालन करने का अनुरोध किया और कहा कि इससे भविष्य में जटिलताओं से बचा जा सकता है। श्वेत पत्र में अधिनियम को समस्याओं का स्रोत बताया गया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व की संप्रग सरकार पर आंध्र प्रदेश के साथ भारी अन्याय करने का आरोप लगाया। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) सरकार ने राजनीतिक दलों के साथ ही समाज के सभी वर्गो से आंध्र प्रदेश के साथ हुए अन्याय का समाधान करने के सुझाव मांगे हैं। श्वेत पत्र जारी होने के बाद नायडू ने अपने तेलंगाना के समकक्ष के. चंद्रशेखर राव के साथ हैदराबाद में सरकारी कर्मचारियों के बंटवारे को लेकर मुलाकात की।