स्कॉटलैंड में जारी 20वें राष्ट्रमंडल खेलों के अंतिम दिन रविवार को भारत को तीन खेलों में हिस्सा लेना है। भारत इन खेलों की चार स्पर्धाओं में स्वर्ण के लिए प्रयास करेगा। रविवार को ही भारतीय समयानुसार देर रात इन खेलों का समापन होना है।बैडमिंटन में पारूपल्ली कश्यप पुरुष एकल फाइनल में सिंगापुर के डेरेक वांग से भिड़ेंगे। इसी तरह ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा महिला युगल फाइनल में खेलेंगी। बैडमिंटन से भारत को दो स्वर्ण मिल सकते हैं।इसके अलावा साइकिलिंग रोड रेस में सुरेश बिश्नोई, अमित कुमार, अरविंद पवार, श्रीधर, मंजीत सिंह और सोमबीर हिस्सा लेंगे। इस स्पर्धा में इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया का वर्चस्व रहा है और ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों का कोई पदक जीत पाना किसी आश्चर्य से कम नहीं होगा।
हॉकी में भारत को फाइनल में आस्ट्रेलिया से भिड़ना है। भारत के लिए स्वर्ण जीतना असम्भव नहीं लेकिन आस्ट्रेलिया को हराने के लिए उसे एड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा।चार साल पहले नई दिल्ली में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में भी इन दो टीमों का सामना हुआ था और आस्ट्रेलिया ने भारत को 8-0 से हराकर स्वर्ण जीता था।भारत के खाते में अभी 14 स्वर्ण, 28 रजत और 19 कांस्य हैं। अगर भारत की किस्मत बहुत अच्छी नहीं भी रही तो उसके खाते में कम से कम तीन रजत को आएंगे ही।