लालकृष्ण आडवाणी ने जेल में की यशवंत सिन्हा से मुलाकात
Web Admin
5 दरिया न्यूज
रांची , 17 Jun 2014
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को झारखंड की हजारीबाग जेल में जाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी नेता यशवंत सिन्हा से मुलाकात की। सिन्हा इन दिनों जेल में बंद हैं। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र राय, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं अन्य आडवाणी के साथ थे। एक विशेष विमान से आडवाणी रांची पहुंचे और फिर हेलीकॉप्टर से सिन्हा से मिलने गए। सिन्हा से मुलाकात के बाद आडवाणी ने महसूस किया कि सिन्हा राज्य में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। झारखंड में बिजली संकट के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सिन्हा को 2 जून को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें 3 जून को अदालत में पेश किया गया। सिन्हा ने जमानत भरने से मना कर दिया जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सोमवार को उनकी हिरासत 28 जून तक बढ़ा दी गई।