केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के गठन से पूर्व देश में केवल 74 हवाई अड्डे संचालित थे, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर 164 हो गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंबाला छावनी में निर्मित नया घरेलू हवाई अड्डा (सिविल एन्क्लेव) देश का 165वां संचालित हवाई अड्डा बनेगा और शीघ्र ही यहां से उड़ान सेवाएं शुरू होंगी।
श्री वर्मा आज अंबाला छावनी में नवनिर्मित घरेलू हवाई अड्डे (सिविल एन्क्लेव) का निरीक्षण करने के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज के नेतृत्व में अंबाला छावनी में विकास की एक नई गाथा लिखी जा रही है।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए श्री अनिल विज, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री तथा सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों और इंजीनियरों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। अवलोकन के दौरान श्री अनिल विज ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि अंबाला छावनी का सैन्य हवाई अड्डा देश के सबसे पुराने और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एयरबेस में से एक है।
इसी रणनीतिक महत्व को देखते हुए अंग्रेजों ने भी अंबाला को एयरबेस के रूप में विकसित किया था। श्री विज ने बताया कि अंबाला छावनी में निर्मित रनवे अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जहां दिन-रात तथा सभी मौसम परिस्थितियों में विमानों का सुरक्षित संचालन संभव है।
उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह घरेलू हवाई अड्डा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों के यात्रियों के लिए हवाई यात्रा का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को यह भी बताया कि अंबाला छावनी उत्तर भारत का एक प्रमुख रेलवे जंक्शन है, जहां प्रतिदिन लगभग 276 रेलगाड़ियों का आवागमन होता है।
यहां से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के लाखों यात्री यात्रा करते हैं। ऐसे में हवाई अड्डे के शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिलेगी। श्री विज ने बताया कि अंबाला घरेलू हवाई अड्डे से उड़ान संचालन के लिए विभिन्न एयरलाइन कंपनियों ने आवेदन किया है तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार यहां से उड़ान सेवाएं शुरू करने में कोई तकनीकी बाधा नहीं है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घरेलू उड़ानों में उपयोग होने वाले विमानों की पार्किंग (एयरक्राफ्ट पार्किंग बे) की व्यवस्था भी निर्धारित कर दी गई है। परियोजना से जुड़े कुछ छोटे-मोटे कार्य शेष हैं, जिन्हें आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद हवाई अड्डे को संचालन के लिए तैयार कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद के अलावा भाजपा नेता कपिल विज, संजीव वालिया, विपिन्न खन्ना, संजीव सोनी, राजीव गुप्ता, विजेंद्र चौहान, किरणपाल चौहान, जसबीर जस्सी, अजय बवेजा, प्रवेश शर्मा, रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, विकास बहगल, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़, फकीरचंद सैनी, वरिंद्र सिंह, सुभाष शर्मा, सुनील नदारिया, इकबाल ढांडा, सुरेंद्र सहगल, राज कुमार राजा, राजू बाली, ललित, सुरेंद्र सहगल गोपी, अनिल बहल, अनिल नागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.