मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में सीमा पार के संचालकों से जुड़े दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दविंदर सिंह निवासी गांव चूंघ , तरनतारन तथा राजविंदर सिंह निवासी सुरसिंह, तरनतारन के रूप में हुई है। हैंड ग्रेनेडों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी सेडान कार, हुंडई वर्ना (पंजीकरण संख्या पीबी-46-एएल-7846) को भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हैंड ग्रेनेडों की बरामदगी सीमावर्ती राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था को भंग करने की किसी बड़ी साजिश की ओर संकेत करती है।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान की जा सके। इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कँवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि संदिग्ध दविंदर सिंह और राजविंदर सिंह ने सीमा पार से अपने हैंडलरों द्वारा भेजी गई विस्फोटक सामग्री की एक खेप प्राप्त की है और वे राज्य की शांति एवं सौहार्द को भंग करने के उद्देश्य से आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही डीएसपी जांच गुरिंदरपाल सिंह नागरा तथा डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की निगरानी में पुलिस टीमों ने एक गुप्त अभियान चलाया और खासा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी वर्ना कार की तलाशी के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने के लिए अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपियों का परिचय विदेशी हैंडलर से हरवंत सिंह उर्फ हैरी ने करवाया था, जो वर्तमान में अमृतसर जेल में बंद है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हरवंत सिंह के सहयोगियों तक कई बार हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचा चुके थे। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने अमृतसर जेल से हरवंत सिंह उर्फ हैरी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और इस संबंध में एक अलग मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंध में थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में एफआईआर संख्या 243, दिनांक 06.09.2026, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।