उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, पशुपालन विभाग एवं शहरी विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। पुष्कर सिंह धामी ने नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं बहुत खुश और संतुष्ट हूं कि आज मुझे शहरी विकास विभाग, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग और पशुपालन विभाग के तहत चुने गए 221 नए युवा साथियों को नियुक्ति पत्र सौंपने का शुभ अवसर मिला है।
मैं आपको और आपके गुरुजनों और अभिभावकों को इस मुकाम तक पहुंचाने की बधाई देता हूं।" पुष्कर सिंह धामी ने नवचयनित कर्मचारियों से कहा, "जब मैं आपकी मुस्कान देखता हूं, तो मेरा यह विश्वास और भी मजबूत हो जाता है कि हमारी सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। दोस्तों, सरकारी सेवा में शामिल होना सिर्फ़ आजीविका या नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसेवा का एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिए आप सीधे अपनी मातृभूमि और अपनी कर्मभूमि की सेवा कर सकते हैं।
इस नौकरी के माध्यम से आप अपनी मातृभूमि की प्रत्यक्ष रूप से सेवा कर सकते हैं। मेरी सरकार का मानना है कि भारत के युवा हमारे देश की सबसे बड़ी पूंजी है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने कौशल विकास योजना को मुख्य एजेंडे में शामिल किया है।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजना जैसी तमाम योजनाओं के माध्यम से युवाओं को हुनरमंद बनाते हुए आर्थिक रूप से सक्षम बना रहे हैं। ताकि हमारे युवा आने वाले समय में नौकरी खोजने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। सरकार के इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि राज्य का युवा अपने सपनों को लेकर पहले से कहीं अधिक आश्वस्त है, क्योंकि उसे भाजपा की डबल इंजन सरकार पर पूरा भरोसा है। युवाओं को भरोसा है कि उनकी प्रतिभा का सम्मान होगा और उचित अवसर मिलेगा।