हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ वासियों को भाजपा के समर्थन में एकजुट होने की अपील करते हुए कहा है कि भाजपा के दोबारा सत्ता में आने से यहां के विकास को गति मिलेगी। क्योंकि भाजपा पहला ऐसा राजनीतिक दल है जिसने चंडीगढ़ वासियों को यह बताया है कि विकास क्या होता है और नगर निगम उनकी समस्याओं का कैसे समाधान कर सकता है।खट्टर ने आज यहां वार्ड नंबर 17 से पार्टी प्रत्याशी एवं मेयर रविकांत शर्मा के समर्थन में सैक्टर-22 स्थित आर्य समाज मंदिर के निकट, वार्ड नंबर 35 से पार्टी प्रत्याशी राजिंदर कुमार शर्मा के समर्थन में सैक्टर-49 में तथा वार्ड नंबर आठ से पार्टी प्रत्याशी हरजीत सिंह के समर्थन में मौली जागरां में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले पांच वर्षों के दौरान चंडीगढ़ के हर वर्ग की समस्याओं को समझते हुए विकास योजनाएं तैयार की हैं। जिसमें से 95 फीसदी योजनाएं धरातल पर लागू हो चुकी हैं और व चंडीगढ़ वासियों को उसका लाभ मिल रहा है। खट्टर ने कहा कि आज जारी किए चुनावी घोषणा पत्र में भी हर वर्ग के हित का ध्यान रखा गया है। चंडीगढ़ में अगर दोबारा भारतीय जनता पार्टी जीतकर आती है तो पहले से चल रही विकास योजनाएं तो पूरी होंगी ही बल्कि नई योजनाएं भी बिना किसी देरी के लागू होंगी। मनोहर लाल ने कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले लोग निगम में आ गए तो यहां फिर से घोटालों को दोहराया जाएगा और विकास योजनाओं की बजाए घोटालों को अंजाम देने की योजनाएं बनाई जाएंगी। इस अवसर पर वार्ड अध्यक्ष विजय शर्मा व नीलम शाही के अलावा कार्यक्रम प्रभारी एवं पार्टी प्रवक्ता कैलाश जैन, वीके बाली व लक्की समेत कई गणमान्य मौजूद थे।