भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर, उनके भाई मनोज सेंगर और आठ अन्य के खिलाफ सड़क दुर्घटना के एक मामले में पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की है। इस दुर्घटना में उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता व उनके वकील गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि इस हादसे में उनकी दो महिला रिश्तेदारों की मौत हो गई थी। आरोपियों पर दुष्कर्म पीड़िता के चाचा महेश सिंह की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया, जो रायबरेली जेल में बंद हैं।हादसे में मृत महिलाओं में से एक उन्नाव दुष्कर्म मामले की गवाह थी।दुष्कर्म पीड़िता की मां ने दावा किया कि यह दुर्घटना उनकी बेटी व अन्य को खत्म करने की एक साजिश थी।दरअसल जिस कार में पीड़िता का परिवार यात्रा कर रहा था, उसे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद यह मामला एक बड़े विवाद में बदल गया। ट्रक के मालिक, ड्राइवर और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।विधायक के खिलाफ दुष्कर्म मामले की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम भी परिवार के सदस्यों से मिलने और फिर पुलिस से दुर्घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंची।