त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने रविवार को कहा कि 181 साल पुरानी राज्य की राजधानी को एक आधुनिक हरा भरा शहर बनाने के लिए ग्रीन अगरतला परियोजना के साथ-साथ करोड़ों रुपये की स्मार्ट सिटी परियोजनाएं चलेंगी। बिप्लब देब ने 'रन फॉर ग्रीन अगरतला' कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च में अगरतला में 11,370 करोड़ रुपये की 'स्मार्ट सिटी परियोजना' की शुरुआत की। और त्रिपुरा वन विभाग ने विभिन्न प्रजातियों के लाखों पेड़ लगाने के लिए ग्रीन अगरतला परियोजना शुरू की है। दोनों परियोजनाएं शहर को एक आधुनिक हरा-भरा शहर बनाने के लिए साथ-साथ चलेंगी।"मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती जिले के दक्षिणी त्रिपुरा में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-8 के किनारे सिर्फ एक मिनट में 6,500 पौधे लगाकर एक रिकॉर्ड बनाया गया है।त्रिपुरा के वन और जनजातीय कल्याण मंत्री मेवार कुमार जमातिया ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार त्रिपुरा को एक सुंदर हरा-भरा राज्य बनाने व पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए महत्वपूर्ण सड़कों के किनारे रह रहे परिवारों को सड़क किनारे किए गए पौधरोपण की देखरेख व रक्षा के लिए हर महीने 200 रुपये देगी।जमातिया ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य में इस साल करीब 10 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निश्चित किया है।उन्होंने कहा, "यह अभियान 2 जुलाई को वनमहोत्सव के 70वीं वर्षगांठ पर शुरू होगा।"