कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उत्तरप्रदेश लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की हार के बाद उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके राज्य जाकर विकास पर भाषण नहीं देने की सलाह दी। सिद्धारमैया ने एक ट्वीट कर कहा, "भाजपा को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सीट से अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को इस ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं। गैर-भाजपा पार्टी की एकता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शायद योगी आदित्यनाथ को विकास पर कर्नाटक को भाषण देने में कम वक्त खर्च करना चाहिए।
"आदित्यनाथ ने कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गत दो माह में अबतक मुख्यमंत्री के तौर पर चार बार यात्राएं की हैं जिसमें उन्होंने हुब्बाली, बेंगलुरू, देवानागरे और मंगलुरू में भाषण दिए।अपने भाषण में, आदित्यनाथ ने कांग्रेस द्वारा राज्य का विकास नहीं करने का हवाला देकर कर्नाटक के लोगों से राज्य को 'कांग्रेस मुक्त' बनाने का आग्रह किया था।गोरखपुर में सपा उम्मीदवार प्रवीण निषाद ने भाजपा के उपेन्द्र शुक्ल को 21 हजार से ज्यादा मतों से हराया। यहां आदित्यनाथ ने वर्ष 2014 से पहले लगातार पांच चुनावों में जीत दर्ज की थी।फूलपुर लोकसभा सीट पर सपा के नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल ने भाजपा के कौशलेंद्र सिंह को लगभग 59 हजार मतों से हराया। 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य यहां से विजयी हुए थे।