Wednesday, 24 April 2024

 

 

खास खबरें भारतीय मजदूर संघ और पीजीआई ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने किया भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन का समर्थन पंजाब पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में संभावित टारगेट किलिंग को टाला; पाक-आधारित दहशतगर्द मॉड्यूल का एक सदस्य किया काबू जालंधर में बीजेपी को बड़ा झटका! युवा नेता रॉबिन सांपला हुए आम आदमी पार्टी में शामिल आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स के डॉक्टरों का पैनल बनाने के आदेश के लिए कोर्ट का किया धन्यवाद हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल को की जाएगी अधिसूचना जारी-अनुराग अग्रवाल वोटर इन क्यू एप से पता चलेगी मतदान केन्द्र पर लाइन की जानकारी - अनुराग अग्रवाल जिला प्रशासन का अनूठा प्रयास- युवा मतदाताओं को यूथ इलेक्शन अंबेसडर बना कर चुनाव प्रक्रिया की दी गई विशेष ट्रेनिंग सेफ स्कूल वाहन पालिसी के अंतर्गत 8 स्कूलों की बसों की हुई चैकिंग सीजीसी लांडरां ने आईपीआर सेल की स्थापना की प्रभु श्रीराम व माता कौशल्या का मंदिर निर्माण मेरे जीवन का अहम फैसला:एन.के.शर्मा भाजपा के अच्छे दिन बना सपना, अब कांग्रेस लाएगी खुशहाली के दिन - गुरजीत औजला डिश टीवी द्वारा 'डिशटीवी स्मार्ट प्लस ' सर्विसेज' के साथ मनोरंजन इंडस्ट्री में आई क्रांति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के लिए जो किया है वो किसी ने नहीं किया होगा - अनिल विज एचपीएनएलयू, शिमला ने पृथ्वी दिवस 2024 के अवसर पर "प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और ग्रीन शेड्स का अनावरण" विषय पर इंट्रा-यूनिवर्सिटी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन पर मनीष तिवारी की टिप्पणी,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दिया जवाब भाजपा महामंत्री तरुण चुग से बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने की शिष्टाचार भेंट पंजाब की विरासत की झलक दर्शाता आदर्श पोलिंग बूथ बना आकर्षण का केंद्र मतदाता जागरूकता के लिए घर-घर तक पहुंचेगा थीम सॉंग राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने परवाणु में जल जनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी उपायों की समीक्षा की एलपीयू के इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को इसरो समर्थित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टॉप स्पेस इन्नोवेटरज़ के रूप में चुना भारी मतों के अंतर से जीतेंगे एन.के.शर्मा:जोनी कोहली

 

बुंदेलखंड : घूंघट में रहने वाली महिलाओं ने गांव को बना दिया 'पानीदार'

Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

छतरपुर/झांसी , 08 Mar 2018

बुंदेलखंड में महिलाओं को घूंघट हटाकर समाज और अपने हक की लड़ाई लड़ते देखना समाज के लिए एक सुखद संदेश है। यह वह इलाका है जहां न केवल पर्दाप्रथा का बोलबाला है, बल्कि महिलाएं लंबे घूंघट के बगैर घर से बाहर नहीं निकल पाती हैं। कई गांव की महिलाओं ने इस कुप्रथा को तोड़ते हुए सूखे बुंदेलखंड को 'पानीदार' बनाने में अहम हिस्सेदारी निभाई है। उन्हें इस संघर्ष में उनके परिवार का भी भरपूर साथ मिलने लगा है और आज पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। छतरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर की दूर पर स्थित आदिवासी बाहुल्य गांव है झिरिया झोर। ठेठ बुंदेलखंडी इस गांव में महिलाएं की सजगता और सक्रियता आपको अचरज में डाल देने वाली लग सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस गांव की महिलाएं 'हैंडपंप वाली बाई' के नाम से पहचानी जाती हैं। वे एक तरफ बारिश के पानी को रोकने का काम तो कर ही रही हैं, साथ ही उन्हें न केवल अपने गांवों में बल्कि आसपास के गांवों के हैंडपंपों को ठीक करने के लिए भी बुलाया जाता है। झिरिया झोर गांव भी पानी की समस्या से जूझने वाले गांवों में से एक है। यहां की महिलाओं ने इस समस्या को दूर करने का अभियान चलाया। इसके लिए उन्होंने पानी पंचायत बनाई। पानी पंचायत की अध्यक्ष पुनिया बाई आदिवासी बताती है कि पांच साल पहले महिलाओं ने पानी के संरक्षण का संकल्प लिया। पहले मेड़ बंधान किया, चेकडैम बनाया, पानी रुका तो खेती हुई और उसी का नतीजा है कि इस इलाके के जलस्तर में इजाफा हुआ।

पंचायत सचिव सीमा विश्वकर्मा की मानें तो पहले महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलती थीं, वक्त लगा, मगर सोच बदली और महिलाओं ने एकजुट होकर पानी संरक्षण के लिए अभियान चलाया। महिलाएं अब तो हैंडपंप भी ठीक करने लगी हैं। हैंडपंप बिगड़ने पर मैकेनिक का किसी को इंतजार नहीं करना होता। बुंदेलखंड के ललितपुर जिले के तालबेहट विकासखंड के भदौना गांव की तस्वीर भी यहां की महिलाओं ने बदल कर रख दी है। ललिता दुबे बताती हैं कि यहां की महिलाओं ने पानी पंचायत बनाई और गांव की जरूरत को ध्यान में रखकर चेकडैम बनाया। इसी का परिणाम है कि सूखाग्रस्त इस इलाके में पानी का संकट कम ही होता है और फसल की पैदावार भी अच्छी होती है। जल-जन जोड़ो अभियान के संयोजक संजय सिंह ने आईएएनएस को बताया, "परिवार में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत महिलाओं को होती है, कई महिलाओं का तो आधा दिन पानी का इंतजाम करते ही गुजर जाता है। बुंदेलखंड में महिलाओं में यह जागृति आई है कि पानी पर पहली हकदारी उनकी है। इसी के चलते बुंदेलखंड के 13 जिलों के 243 गांव में पानी पंचायतें बन चुकी हैं। पानी पंचायतों की कमान महिलाओं के हाथ में है। बारिश के मौसम में वे पानी को रोकती है, तालाब की साफ सफाई करती हैं। 

इसके अलावा जल स्त्रोतों से पानी के उपयोग का निर्धारण भी वही करती हैं।"हमीरपुर जिले के सरीला विकासखंड के गोहनी गांव की बात करें तो यहां की सावित्री छह वर्ष पूर्व की स्थिति को याद कर कहती हैं कि यहां तालाब गंदगी का अड्डा बन गया था, मगर महिलाओं ने एकजुट होकर तालाब की न केवल सफाई की, बल्कि श्रमदान कर सौंदर्यीकरण किया। इसके साथ तालाब तक बारिश के पानी को पहुंचाने का इंतजाम किया, इसी का नतीजा है कि इस तालाब की जल संग्रहण क्षमता बढ़ने से अन्य जलस्रोतों का भी जलस्तर बढ़ गया है। जालौन जिले की कुरौती गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर तालाब, कुओं और पोखरों की तस्वीर ही बदल दी है, कभी वीरान व सूखे रहने वाले यह जलस्रोत अब लोगों का सहारा बन गए हैं। इस गांव की जल सहेली अनुजा देवी को उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्मानित किया था।बुंदेलखंड में मध्य प्रदेश के छह और उत्तर प्रदेश के सात जिले आते हैं। जिन गांव में पानी पंचायत बनाई गई हैं, उनमें 15 से 25 महिलाओं को स्थान दिया गया है। प्रत्येक पानी पंचायत से पानी व स्वच्छता के अधिकार, प्राकृतिक जल प्रबंधन, महिलाओं का पानी के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए दो महिलाओं को जल सहेली बनाया गया है। जल सहेली उन्हीं महिलाओं को बनाया जाता है, जिनमें पानी संरक्षण के साथ गांव के विकास की ललक हो और उनमें नेतृत्व क्षमता भी हो।गैर सरकारी मदद से महिलाओं ने सूखा के कारण दुनिया में पहचाने वाले बुंदेलखंड के गांवों को पानीदार बनाकर उन नीति निर्धारकों को आईना दिखाया है जो वादे और दावे तो खूब करते हैं, धनराशि मंजूर होती है, मगर करोड़ों रुपये खर्च हो जाने के बाद भी गांव न तो पानीदार हो पाता है और न ही खेतों में फसल लहलहा पाती है। 

 

Tags: SPECIAL DAY

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2024 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD