पूर्व केंद्र मंत्री ओ. राजगोपाल ने गुरुवार को केरल विधानसभा सभा निर्वाचन में जीत हासिल कर इतिहास रच दिया। वह केरल में चुनाव जीतने वाले प्रथम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता बन गए हैं। निर्वाचन आयोग ने कहा कि राजगोपाल ने तिरुवनंतपुरम की नेमोम सीट से 8,000 से अधिक मतों से चुनाव जीता है। उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वर्तमान विधायक वी. सिवनकुट्टी को हराया है।उनकी जीत की घोषणा से पहले ही हजारों की संख्या में भाजपा समर्थकों ने मतगणना केंद्र के बाहर जश्न मनाया।
राजगोपाल ने 1999, 2004 और 2014 में तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। वह 2014 में कांग्रेस के शशि थरूर के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे।उन्होंने 2011 विधानसभा चुनाव में भी नेमोम चुनाव क्षेत्र में दूसरा स्थान हासिल किया था। 2012 में नय्याटिंकारा में हुए उपचुनाव में उन्हें 30,000 से अधिक मत मिले थे, लेकिन वह जीत नहीं पाए थे। भाजपा ने अभी तक केरल में लोकसभा या विधानसभा सीट पर जीत दर्ज नहीं की थी।