सभी शहरों को 100 प्रतिशत सीवरेज और पीने वाले पानी की सप्लाई देने वाला पंजाब देश का पहला राज्य होगा: सुखबीर सिंह बादल
राज्य के प्रमुख शहरों को 4 और 6 मार्गी सड़कों से जोड़ा जायेगा
5 Dariya News
बठिंडा 26-Jan-2016
पंजाब के उप मुख्य मंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज घोषणा की है कि पंजाब देश का ऐसा पहला राज्य होगा जहाँ 100 प्रतिशत सीवरेज और पीने के साफ पानी की सप्लाई होगी। इसके अलावा सभी शहरों के बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए अगले दो सालों में राज्य सरकार 4000 करोड़ रुपए खर्च करेगी।मल्टीपर्पज स्टेडियम में 67वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में लोगों के भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अगले दो सालों में पंजाब में अप्रत्याशित विकास देखने को मिलेगा। मुख्य प्राथमिकता आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास पर दी जायेगी जिससे पंजाब देश का अग्रणी राज्य बन सके।शिरोमणी अकाली दल -भाजपा सरकार की पिछले 9साल की प्राप्तियाँ गिनवाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की लगातार मेहनत के चलते पंजाब अब सरपल्स बिजली वाला राज्य बन गया है और 20000 करोड़ रुपए की लागत से अब अगले डेढ़ साल में पंजाब के सभी प्रमुख शहरों को 4 और 6 मार्गी सड़कों से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बहुपक्षीय विकास के लिए अगले दो सालों में 6000 करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे। खेल ढांच के बारे में जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी पैदा करने मौहाली में अति -आधुनिक पंजाब इंस्टीट्यूट आफ स्पोर्टस संस्था स्थापित की गई है जहाँ विभिन्न खेलों के 11 खेल निदेशालय बनाए गए हैं। इसी तरह पंजाब सरकार की तरफ से कबड्डी को विश्व स्तर पर ले जाने अंतरराष्ट्रीय स्तर के पाँच विश्व कबड्डी कप भी करवाए गए हैं।उप मुख्य मंत्री ने बताया कि भलाई कामों प्रति वचनबद्धता के अंतर्गत गरीब परिवारों के होशियार विद्यार्थियों के लिए राज्य भर में मैरीटोरियस स्कूल स्थापित किये गए हैं जहाँ पढ़ाई, खाने -पीने और रहने का सारा खर्च पंजाब सरकार उठाती है।
नशे के आतंकवाद खिलाफ पंजाब सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय सरहद से नशे की तस्करी को रोकने हर संभव कदम उठा रही है और तस्करों की सप्लाई लाईन को तहस -नहस किया है।
पंजाब पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि कई बड़े नशा तस्करों को भी पंजाब पुलिस ने काबू किया है। उन्होंने दीनानगर और पठानकोट आतंकवादी हमलों में निभाई गई जांबाज भूमिका के लिए भी पंजाब पुलिस की प्रशंसा की। उप मुख्य मंत्री ने समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 27 जनवरी को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया। समागम दौरान उप मुख्य मंत्री ने महंत गुरबंता दास स्कूल बठिंडा और पुलिस पब्लिक स्कूल डी.ए.वी. स्कूल बठिंडा को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा भी की है।इस अवसर पर पंजाब के मुख्य सचिव श्री सर्वेश कौशल, डी.जी.पी. श्री सुरेश अरोड़ा, डिप्टी कमिश्नर श्री बसंत गर्ग, एस.एस.पी. स्वपन शर्मा और जिले के सभी प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारी व अन्य राजनीतिक व्यक्ति उपस्थित रहे।
18 शख्सियतें स्टेट अवार्ड से सम्मानित
इस अवसर पर उप मुख्य मंत्री स. सुखबीर सिंह बादल ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले 18 व्यक्तियों को स्टेट अवार्ड के साथ सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वालों में मिस पारूल पटियाला, जगजीत सिंह फिरोजपुर, पूर्व हवलदार करनैल सिंह फिरोजपुर, डा. आचार्य सुभाष पुरी सीनियर पत्रकार और समाजसेवी गुरदासपुर, बूवन प्रीत सिंह ढींगरा संगरूर, ओम प्रकाश उपाध्याय कुलपति गुरू रविदास आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय होशियारपुर, आनंद सागर शर्मा उप मंडल मैजिस्ट्रेट होशियारपुर, राहुल चाबा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जरनल) होशियारपुर, कुलवीर सिंह सुनाम (संगरूर), गुरचरण सिंह विज्ञान मास्टर ढुड्डीके (मोगा), डा. दलजीत सिंह बागवानी विकास अफसर -कम -प्रोजेक्ट अफसर सैंटर आफ एक्सीलेंसी फार वेजीटेबल करतारपुर, विनायक सरीन शहीद भक्त सिंह नगर, डा. इन्दरप्रीत कौर पटियाला, डा. सुनील बांसल मैडीकल अफसर मलोट, गुरमेज सिंह गिल मल्टी एंड सुपरस्पेशियल्टी अस्पताल जालंधर, नवराज सरोआ, राहुल वर्मा लुधियाना और बलदेव भारती उप प्रधान नगर काउंसिल शहीद भक्त सिंह नगर शामिल हैं। इसके अलावा जिला स्तर पर भी 70 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया है।