5 Dariya News

शाह ने पार्टी मुख्यालय, आडवाणी ने आवास पर फहराया तिरंगा

5 Dariya News

नई दिल्ली 26-Jan-2016

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को 67वें गणतंत्र दिवस के मौके पर यहां पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया। पार्टी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय झंडा फहराया। शाह ने यहां 11, अशोक रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में अन्य नेताओं की मौजूदगी में राष्ट्र ध्वज फहराया। उन्होंने बाद में एक ट्वीट में लिखा, "मेरे सभी साथी भारतवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई।"वहीं, आडवाणी ने पृथ्वीराज रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा, "अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में कटौती का कोई सवाल ही नहीं है, जैसा कि देश में माहौल बनाया जा रहा है।"

आडवाणी की ओर से यह प्रतिक्रिया मशहूर फिल्मकार करन जौहर के हाल ही में दिए गए उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता 'दुनिया का सबसे बड़ा मजाक है और लोकतंत्र दूसरा सबसे बड़ा मजाक है।'आडवाणी ने कहा, "मुझे नहीं मालूम कि किसने ऐसी टिप्पणी की। कौन कहता है कि देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं है? मैं आपसे कह सकता हूं कि अंग्रेजों के राज में भी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश नहीं की गई। आजादी के बाद भी एक सरकार ने ऐसा करने की कोशिश की और तब हमने इसका विरोध किया था।"