बिजॉय की अगली फिल्म करने के इच्छुक हैं फरहान
5 दरिया न्यूज
मुंबई 13-Oct-2013
अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर ने कहा है कि निर्देशक बिजॉय नांबियार ने उन्हें एक पटकथा की पेशकश की। यह उन्हें इतनी पसंद आई है कि वह इसमें काम करने के इच्छुक हैं। फरहान ने कहा, "जो पटकथा उन्होंने मुझे दी वह बेहद पसंद आई। उनकी प्रमुख किरदार के लिए महानायक अभिताभ बच्चन को लेने की योजना थी। मुझे इसका हिस्सा होने की आशा है।"आखिरी बार विख्यात एथलीट मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' में दिखे फरहान को बहुत सराहा गया था। उन्होंने पुष्टि की कि वह अपनी बहन जोया अख्तर द्वारा निर्देशित की जाने वाली अगली फिल्म में भी दिखेंगे। इसमें अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या बहन की अगली फिल्म में प्रियंका संग रोमांस करेंगे? फरहान ने कहा, "मैं फिल्म में उनके संग अभिनय कर रहा हूं और इससे अधिक क्या कह सकता हूं।" जोया की फिल्म एक भाई-बहन के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। इस निर्देशिका ने इन किरदारों के लिए प्रियंका और रणवीर सिंह से बात कर ली है, जबकि फरहान इसमें प्रमुख महिला नायिका के प्रेमी की भूमिका में दिखेंगे।