5 Dariya News

सत्य और अहिंसा के उद्घोष को करें आत्मसात : लखनपाल

हमीरपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को किया नमन

5 दरिया न्यूज(विजयेन्दर शर्मा)

हमीरपुर 02-Oct-2013

मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि युवाओं को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के उद्घोष को जीवन में आत्मसात कर आगे बढऩा चाहिए तभी एक सशक्त, सुसंस्कृत राष्ट्र की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।मुख्य संसदीय सचिव बुधवार को हमीरपुर के गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 144 वीं जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले मुख्य संसदीय सचिव की अगुवाई में हमीरपुर में प्रभात फेरी निकालकर लोगों सत्य, अहिंसा, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर शहरवासियों ने नमन किया। 

इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि देश को आजाद करवाने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अमूल्य योगदान रहा है, जिनके मागदर्शन के कारण ही आज भारतवासी स्वतंत्र माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की सामाजिक, आर्थिक व्यवस्था करूणा, प्रेम, नैतिकता पर आधारित है तथा उसी तर्ज पर देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सादा जीवन उच्च विचार का आदर्श देश के सामने रखा है। इन आदर्शों को जीवन में शामिल कर प्रत्येक नागरिक को आगे बढऩा चाहिए। इस अवसर पर केसीसीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप पठानिया, महासचिव सुनील बिट्टू, कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर, महिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश रानी, महासचिव तेज नाथ, उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम, उपाध्यक्ष राम चंद पठानिया, सेवादल के संगठक जगजीत, जिला सचिव अजय शर्मा, वयोवद्व कांग्रेसी नेता मुंशी राम धीमान सहित एडीसी हिमांशु शेखर चौधरी, एसडीएम सतीश शर्मा, सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।