5 Dariya News

मेरे मंत्रियों के यहां पड़ सकते हैं छापे : अरविंद केजरीवाल

5 Dariya News

नई दिल्ली 15-Jan-2016

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां उनके मंत्रियों पर छापे मारने की योजना बना रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी "हमें असफल करने की कोशिश कर रहे हैं।" केजरीवाल ने 'प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों' के हवाले से ट्वीट किया कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया या स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर छापा पड़ सकता है।सिसोदिया को आम आदमी पार्टी नेता केजरीवाल का सबसे विश्वस्त सहयोगी माना जाता है।

केजरीवाल ने कहा, "इनके मातहत अधिकारियों पर दबाव डाला जा रहा है कि वे इनके कुछ गलत दस्तखत ले लें।"हिंदी में किए गए एक अन्य ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा है, "मोदीजी, जो जी में आए कीजिए। सच हमारे साथ है। भगवान हमारे साथ है। आप हमें कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकते।"बाद में सम-विषम योजना से जुड़े एक संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार "हमें नाकाम बनाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। लेकिन, वे सफल नहीं होंगे, क्योंकि सच्चाई और ईमानदारी हमारी ताकत हैं।"