5 Dariya News

कुल्लू के अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में मैक्सिको और रूस के नामी कलाकार भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे

5 दरिया न्यूज

कुल्लू 24-Sep-2013

कुल्लू के अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल और कई अन्य प्रदेशों के लोक कलाकारों के साथ-साथ मैक्सिको और रूस के नामी कलाकार भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधीश राकेश कंवर ने यह जानकारी दी। बैठक में विधायक कर्ण सिंह, महेश्वर सिंह और ठाकुर गोविंद सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें दशहरा उत्सव के आयोजन से संबंधित पहलुओं पर व्यापक चर्चा की गई।जिलाधीश ने बताया कि 14 से 20 अक्तूबर तक आयोजित किए जाने वाले दशहरा उत्सव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां जोरों पर हैं और उत्सव के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। देवी-देवताओं के लिए लारजी-औट सड़क की मरम्मत नौ अक्तूबर तक पूरी कर ली जाएगी और उन्हें सुरंग के रास्ते कुल्लू नहीं लाया जाएगा। देवताओं को नए टैंट भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। कंवर ने बताया कि व्यापारियों के लिए प्लाट आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी और प्लाटों की सबलैटिंग कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यापारी दिवाली तक अपनी दुकानें लगा सकेंगे। हर व्यापारी को दुकान के आगे अपनी फोटो लगाना अनिवार्य होगा। सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों से पुलिस के नजर रहेगी। भीड़ में भगदड़ रोकने के लिए भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। उत्सव के दौरान आम पुलिस कर्मचारियों के अलावा एंटी गुंडा स्क्वायड भी हमेशा तैनात रहेगा। बच्चों के लिए अलग से चाइल्ड हैल्पलाइन भी स्थापित की जाएगी।कंवर ने बताया कि प्रदर्शनियों को और आकर्षक बनाने के लिए इनकी पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की जाएगी। खेल प्रतियोगिताओं व अन्य आयोजनों के बारे में भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा के बाद हिमाचली कलाकारों के अलावा मिजोरम, मणिपुर, राजस्थान, महाराष्ट्र और ओडिसा समेत आठ प्रदेशों के लोक कलाकारों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। सांस्कृतिक संध्याओं को अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करने के लिए रूस और मैक्सिको के कलाकारों को भी बुलाया जाएगा।बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया, उपाध्यक्ष मनु शर्मा, एसपी विनोद धवन और आयोजन समिति के अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।