5 Dariya News

पंजाब में पाकिस्तानी सिम कार्ड के साथ 3 गिरफ्तार

5 Dariya News

एस.ए.एस. नगर (मोहाली) 04-Jan-2016

पंजाब में कथित रूप से तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और विदेशी हथियार मिले हैं। पंजाब पुलिस के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तीनों को यहां से 18 किलोमीटर दूर स्थित खरड़ शहर से गिरफ्तार किया गया। इनके नाम गुरजंत सिंह, संदीप सिंह और जतिंदर सिंह बताए गए हैं। इनके पास से कई हथियार, 190 जिंदा कारतूस और 31 मोबाइल फोन मिले हैं।

पुलिस अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने संवाददाताओं को बताया कि गुरजंत सिंह और संदीप सिंह सीमावर्ती जिले तरनतारन के रहने वाले हैं। जतिंदर सिंह का संबंध लुधियाना से है। इनके पास से एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।सूत्रों ने बताया कि जब्त किए गए हथियारों पर चीन, पाकिस्तान और ब्राजील के निशान मिले हैं। भुल्लर ने कहा कि इन तीनों का संबंध लूट, डकैती और तस्करी में शामिल गिरोह से है।