5 Dariya News

भोपाल में कैब चालक ने महिला से दुष्कर्म किया

5 Dariya News

भोपाल 03-Jan-2016

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कैब चालक द्वारा एक महिला को डरा-धमकाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर कैब चालक दीपक वामने को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोहफिजा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहित महिला 29 दिसंबर को ओला कंपनी की एक कैब से लालघाटी इलाके को जा रही थी। महिला का आरोप है कि पूर्व परिचित चालक दीपक उसे सुनसान जगह ले गया और डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

शाहजहांनाबाद क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) समीर यादव ने रविवार को आईएएनएस को बताया, "महिला ने शुक्रवार को कोहफिजा थाने में बताया कि उसके साथ कैब चालक ने दुष्कर्म किया है। दो दिन बाद पुलिस को सूचना देने के सवाल पर महिला ने कहा कि परिजनों ने रपट लिखाने में सहयोग नहीं किया, जिसके कारण वह देर से थाने पहुंची।"यादव के अनुसार, महिला एक अस्पताल में नर्स है और कैब चालक से कुछ समय से परिचित है। इसके पहले वह कई बार उसके वाहन की सेवाएं ले चुकी थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी को शनिवार को शहर के लाल घाटी इलाके से वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है।