5 Dariya News

राज्यपाल ने स्पीति घाटी में की मठ का दौरा किया

5 दरिया न्यूज

शिमला 16-Sep-2013

राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह ने आज लाहौल स्पीति जिला की स्पीति घाटी में स्थित की मठ का दौरा किया। उन्होंने गोम्पा परिसर का भ्रमण कर मठ की वास्तुकला व पेंटिंग की सराहना की। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत पारम्परिक छांव नृत्य का भी आनंद लिया।इससे पूर्व काज़ा में राज्यपाल के सम्मान में रंगारंग सांस्कृति कार्यक्रम आयोजित किया गया।राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लाहौल एवं स्पीति की संस्कृति अनूठी है, जिसका स्थानीय लोगों द्वारा वर्षों से संरक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति व परम्पराओं के संरक्षण के लिए प्रयास किए जाने चाहिए, क्योंकि यह हमारी पहचान है। 

उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों की मांगों को भी सुना और उन्हें विश्वास दिलाया कि उनके मामलों को प्राथमिकता के आधार पर उचित मंच पर उठाया जाएगा, ताकि इनका समाधान निकाला जा सके।स्थानीय विधायक श्री रवि ठाकुर ने राज्यपाल को पारम्परिक शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने राज्यपाल का क्षेत्र का दौरा करने के लिए स्थानीय लोगों की ओर से आभार भी व्यक्त किया।जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य श्री सोहन सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं बारे अवगत करवाया।राज्यपाल का इससे पूर्व काज़ा हैलिपेड पहुंचने पर स्थानीय विधायक श्री रवि ठाकुर, जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्यों सर्वश्री सोहन सिंह, दाबला टारागई और स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।