5 Dariya News

राज्यपाल ने किया आयरन फॉलिक एसिड सप्लीमेंटेशन कार्यक्रम का शुभारम्भ

5 दरिया न्यूज

शिमला 15-Sep-2013

राज्यपाल उर्मिला सिंह ने आज लाहौल-स्पिति जिला के उदयपुर में स्वास्थ्य विभाग के साप्ताहिक आयरन फॉलिक एसिड सप्लीमेंटेशन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने इस अवसर पर छठी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को आयरन फॉलिक एसिड दवाएं भी वितरित कीं। राज्यपाल जन-जातीय ज़िला लाहौल स्पिति के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राज्यपाल ने त्रिलोकीनाथ और श्री मृकुला देवी मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। दोनों स्थानों पर स्थानीय महिला मंडलों ने उनका परम्परागत स्वागत किया और शॉल व टोपी भेंट की। 

श्रीमती उर्मिला सिंह ने क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्यटन विकास की अपार क्षमताएं हैं। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पिति के बौद्ध मठ और मंदिर देश ही नहीं बल्कि विदेशी सैलानियों को भी आकर्षित करते हैं। साहसिक गतिविधियों के प्रमियों के लिए भी यह ज़िला श्रेष्ठ गंतव्य है। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पिति ज़िला की संस्कृति अपने आप में अनूठी है जिसके संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन-जागरुकता पैदा करने पर भी जो़र दिया ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे।राज्यपाल ने इस अवसर पर राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से श्रीमती केसरी देवी को एक लाख रुपये का चैक भेंट किया। श्रीमती केसरी देवी को कैंसर रोग से पीड़ित अपने पति के उपचार के लिए यह सहायता दी गई है।स्थानीय विधायक श्री रवि ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत किया। उर्मिला सिंह बाद में जिस्पा भी गईं और केंद्रीय विद्यालय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, केलंग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इससे पूर्व, उदयपुर हैलीपेड पहंुचने पर राज्यपाल का स्थानीय विधायक श्री रवि ठाकुर, उपायुक्त श्री बीर सिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार और ज़िला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया।