पेट्रोल, डीजल सस्ता हुआ
5 Dariya News
नई दिल्ली 15-Dec-2015
भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 35 डॉलर से नीचे चले जाने के साथ ही मंगलवार को सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने दिल्ली में प्रति लीटर पेट्रोल मूल्य 50 पैसे और डीजल मूल्य 46 पैसे घटाने की घोषणा की। नया मूल्य मध्य रात से लागू होगा। दूसरे राज्यों में भी इसी के अनुरूप कीमतें घटेंगी। तेल मूल्य में हर महीने के मध्य और अंत में गत दो सप्ताह के आयातित तेल मूल्य के आधार पर संशोधन किया जाता है।
कंपनी ने अपने बयान में कहा, "पेट्रोल और डीजल के अंतर्राष्ट्रीय उत्पाद मूल्य की मौजूदा स्थिति और रुपया-डॉलर विनिमय दर से मूल्य में गिरावट दर्ज की गई है, जिसका फायदा इस संशोधन से उपभोक्ताओं को भी दिया गया है।"कंपनी ने कहा कि स्थानीय करों को ध्यान में रखते हुए बुधवार से पेट्रोल मूल्य प्रति लीटर दिल्ली में 59.98 रुपये, कोलकाता में 65.53 रुपये, मुंबई में 67.04 रुपये और चेन्नई में 60.28 रुपये हो जाएगा।इसी तरह डीजल मूल्य प्रति लीटर दिल्ली में 46.09 रुपये, कोलकाता में 49.70 रुपये, मुंबई में 53.28 रुपये और चेन्नई में 47.28 रुपये हो जाएगा।भारतीय बास्केट के तेल की कीमत सोमवार को 34.39 डॉलर प्रति बैरल हो गई। एक बैरल 159 लीटर के बराबर होता है।