सेना ने तमिलनाडु को भेजी और अधिक मदद, 65 बचाए गए
5 Dariya News
चेन्नई 02-Dec-2015
तमिलनाडु में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव प्रयासों में सेना के और अधिक जवानों ने बुधवार को हिस्सा लिया। उन्होंने अब तक 65 लोगों को बाहर निकाल लिया है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, चेन्नई में बाढ़ के कारण एक बस में फंसे 15 लोगों को बाहर निकाला गया। चेन्नई के गुदवांचेरी व मुदीचूर में 50 अन्य लोगों को बचाया गया।सेना के जवान मंगलवार रात से चेन्नई में तैनात हैं, जहां भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं।चेन्नई के तांब्रम, मुदीचूर, मनिपक्कम, गुदुवांचेरी व उरापक्कम में गैरीसन इंफैंट्री बटालियन व इंजीनियरिंग इकाई के जवान राहत व बचाव कार्य के लिए तैनात हैं।बयान के मुताबिक, सेना के तीसरे दल ने बुधवार को अभियान में हिस्सा लिया, जबकि चौथा दल बेंगलुरू से सड़क मार्ग से चेन्नई के लिए रवाना हो चुका है।बयान में कहा गया है, "बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना के अतिरिक्त जवानों को भेजा जा रहा है।"