उज्जैन सिंहस्थ के दौरान होगा वैचारिक कुंभ : शिवराज सिंह चौहान
5 Dariya News
उज्जैन 27-Nov-2015
मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अगले वर्ष होने वाले लोकप्रिय स्नान पर्व सिंहस्थ (कुंभ) के दौरान तीन दिवसीय (12 से 14 मई) वैचारिक कुंभ उत्सव का आयोजन भी होगा। वैचारिक कुंभ में संत और विद्वान द्वारा मानव कल्याण पर चर्चा के बाद जो भी मार्ग प्रशस्त होगा, उसे एक संदेश के रूप में विश्वभर में पहुंचाया जाएगा। उज्जैन में गुरुवार को सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष माखन सिंह के कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा की।
चौहान ने बताया कि वैचारिक कुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल होंगे।मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान कृषि महाकुंभ भी होगा। इसमें शून्य बजट पर खेती, जैविक खेती और उन्नत कृषि तकनीक का उपयोग करने के लिए देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिक विचार मंथन करें।सिंहस्थ केंद्रीय समिति के अध्यक्ष माखन सिंह ने कार्यभार ग्रहण करते हुए कहा, "सिंहस्थ में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु पूजनीय है। स्थानीय निवासी शहर की प्रत्येक गली में आने वाले श्रद्धालु का स्वागत करेंगे।"उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बम के भाव को लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का सहयोग करते हुए सिहंस्थ को सफल बनाएंगे।