5 Dariya News

हिंदू से अच्छा पड़ोसी नहीं मिल सकता : शाहनवाज हुसैन

5 Dariya News

लखनऊ 26-Nov-2015

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को कहा कि मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश और हिंदू से अच्छा पड़ोसी नहीं मिल सकता। उन्होंने साफतौर पर कहा कि आमिर खान डर नहीं रहे, बल्कि मुसलमानों को डरा रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आमिर खान ने असहिष्णुता को लेकर जो बयान दिया है वह सच्चाई से कोसों दूर है।

शाहनवाज हुसैन ने कहा, "आमिर खान को अपने गांव जाकर गंगा-जमुनी तहजीब का नजारा देखना चाहिए। उनको उनका जवाब मिल जाएगा। उनके गांव में हिंदू व मुसलमान एक साथ बड़े ही अच्छे माहौल में रह रहे हैं।"भाजपा नेता ने बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार पर कहा, "बिहार में हारे इसका मतलब यह नहीं कि हर राज्य में हारेंगे।"शाहनवाज ने कहा, "एक पिच पर टीम ने खराब बल्लेबाजी की तो इसका मतलब यह नहीं कि अगले मैच में भी खराब प्रदर्शन होगा। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में भाजपा ने एक टीम के तौर पर बेहतर प्रदर्शन किया। उप्र में भी भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगी और दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।

"भाजपा नेता ने कहा कि उप्र में संविधान और कानून का राज नहीं है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक अच्छे पुत्र जरूर साबित हुए हैं, लेकिन उन्हें अपने आपको एक अच्छा मुख्यमंत्री साबित करना होगा। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव ने अपने पिताजी मुलायम सिंह यादव का अच्छे तरीके से जन्मदिन मनाया। वह एक अच्छे पुत्र की तरह पिता की सेवा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें एक अच्छे मुख्यमंत्री के तौर पर जनता की सेवा करनी चाहिए।"