5 Dariya News

'भारतीय समुदाय ने सिंगापुर को बनाने में मदद दी'

5 Dariya News

सिंगापुर 24-Nov-2015

सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में दिए गए दोपहर भोज में कहा कि विविधता से भरे भारतीय समुदाय का सिंगापुर के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है। चैनल न्यूज एशिया की रपट के मुताबिक, ली ने कहा कि सिंगापुर में बसने वाले पहले भारतीयों में से एक जी. सारंगापानी 1924 में तमिलनाडु से यहां आए थे। उन्होंने तमिल समाचार पत्र 'मुरासु' की शुरुआत की थी और इसे प्रति सेंट की दर से बेचा था। कम कीमत की वजह यह थी कि सारंगापानी चाहते थे कि गरीब लोग भी अखबार पढ़ सकें।

ली ने कहा, "ऐसे ही नेताओं की वजह से सिंगापुर में आज भारतीयों का एक फलता-फूलता समुदाय है। यह हमारे समाज से गुंथा हुआ और हमारी बहुनस्ली, बहुधार्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है।

"उन्होंने सिंगापुर इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की स्थापना करने वाले गुजराती कारोबारी रजबअली जुमाभाई और जामिया तथा अन्य अंतर धार्मिक संगठनों एवं सामाजिक संगठनों की स्थापना करने वाले मौलाना अब्दुल अलीम सिद्दीकी का जिक्र किया। उन्होंने उन सिखों का भी जिक्र किया, जिन्होंने न्यायाधीश और सेना में वरिष्ठ पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दीं। 

उन्होंने कहा कि सिंगापुर को बनाने में भारतीयों के योगदान की ये चंद मिसालें हैं।ली ने कहा कि सिंगापुर में पांच विदेश मंत्री भारतीय मूल के हो चुके हैं।ली ने कहा कि सिंगापुर की लंबे अर्से से भारत से दोस्ती है और भारत के विकास में सिंगापुर का योगदान जारी रहेगा, क्योंकि यह दोनों देशों के लिए फायदेमंद है।उन्होंने कहा कि मोदी की यात्रा उस खास समय में हो रही है जब दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।