5 Dariya News

बड़े स्‍तर पर आयोजित शिविर में निशक्‍तजनों को सहायक उपकरण मुफ्त बंटे

5 Dariya News

करनाल 20-Nov-2015

हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने राज्‍य के करनाल जिले के कर्ण स्‍टेडियम में निशक्‍तजनों को निशुल्‍क सहायक उपकरण वितरित के लिए एक मेगा शिविर का उद्घाटन किया। इस मौके पर केन्‍द्रीय सामाजिक, न्‍याय और अधिकारिता राज्‍य मंत्री कृष्‍ण पाल गुर्जर भी उपस्थित थे।कानपुर के भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम ने भारत सरकार के सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत निशक्‍तजनों के लिए अधिकारिता विभाग के सौजन्‍य से यह शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 3,209 निशक्‍तजनों को 2.90 करोड़ रूपये की लागत के 5,441 उपकरण उपलब्‍ध कराये गये। इस व्‍यापक शिविर से पहले लाभार्थियों को करनाल जिले के विभिन्‍न हिस्‍सों में लगे प्रशिक्षण शिविरों में इन उपकरणों से परिचय कराया गया। 

लाभार्थियों को पहले से ही जिन उपकरणों से परिचित करवा दिया गया था, वे है :- 133 छोटी छड़ी, 13 ब्रेल किट्स, 435 सहारे वाली छडि़यां, 1096 तिपहिया साइकिलें, 612 व्‍हील चेयर, 948 बैसाखियां (एक्सिला और एल-बो), विकृत हड्डियों वाले निशक्‍त लोगों के लिए 10 रोलेटर, कान से सुनने में मदद करने वाली 961 डिजिटल मशीनें, 05 सीपी चेयर, 03 एडीएल किट (कुष्‍ठ रोगियों के लिए), विशेष जरूरतों के साथ बच्‍चों के लिए 164 मल्‍टी सेंसर आधारित शिक्षा संबंधी किट और उनके लिए 1018 कृत्रिम अंग। इन सभी सहायक उपकरणों का निर्माण पंजाब के चानोलन स्थित आधुनिक निर्माण इकाई ने किया है।