5 Dariya News

हरियाणा में आज से गौ संरक्षण व गौ संवर्धन कानून लागू हो गया : मनोहर लाल

5 Dariya News (राजकुमार अग्रवाल)

कैथल 19-Nov-2015

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में आज से गौ संरक्षण व गौ संवर्धन कानून लागू हो गया है। इसलिए प्रदेश के हर परिवार को एक गाय का कम से कम पालन पोषण अवश्य करना चाहिए तथा गाय के पालन पोषण की कर्तव्य पालना का विकास करना चाहिए। जो परिवार शहरों में रहने की वजह से गाय का पालन नही कर पाते, वे ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी प्रेम, भाईचारा कायम करते हुए गौ संवर्धन को बढ़ावा दें। ग्रामीण क्षेत्र में गौ संवर्धन के लिए ज्यादा संभावनाएं हैं।श्री मनोहर लाल आज उनके सहयोगी डा. अशोक गर्ग के बेटे डा. शशांक के विवाह समारोह में आशीर्वाद देने के पश्चात उपस्थित लोगों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेश वासियों को गोपाष्टमी की शुभ कामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने गौ संवर्धन के लिए विशेष तौर से कानून बनाकर उसे लागू किया गया है। 

उन्होंने कहा कि सभी प्रदेश वासी इस कार्य को व्यापारिक तौर पर या भाईचारे के तौर पर गऊ पालन को बढ़ावा दें। प्रदेश सरकार के नए कानून के अनुसार कोई भी व्यक्ति गायों का गौ हत्या के उद्देश्य से निर्यात नही कर सकेगा तथा यदि गाय का निर्यात करना पड़े तो संबंधित व्यक्ति को सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। ऐसे व्यक्ति को गायों की संख्या और किस राज्य से किस राज्य में किस उद्देश्य के लिए ले जानी होगी, इस बारे में एक स्पष्ट घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। जिन राज्यों में गौ हत्या पर प्रतिबंध नही लगाया गया है, ऐसे राज्यों में हरियाणा प्रदेश से गायों का निर्यात करने की अनुमति नही दी जाएगी। तत्पश्चात मुख्यमंत्री आरकेएम पैलेस में श्री सतीश शर्मा की दो कन्याओं के विवाह समारोह में आशीर्वाद देने पहुंचे। सतीश शर्मा की सुपुत्रियां आशा व निशा तथा दुल्हे विकास व प्रदीप की शादी भी आज ही होने के कारण मुख्यमंत्री ने दो परिवारों में सामाजिक समारोहों में हिस्सा लेकर इन दोनों परिवारों को अपनी शुभकामनाएं दी। इस मौके पर विधायक श्री दिनेश कौशिक, श्री कुलवंत बाजीगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री अमरेंद्र सिंह, जिला उपायुक्त श्री के.मकरंद पांडुरंग, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण मुरारी, एसडीएम आरके सिंह, मनदीप कौर, जिला भाजपा प्रधान श्री राजपाल तंवर, रणधीर गोलन, वीरेंद्र छौत, धीरेंद्र क्योड़क व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।