5 Dariya News

भारत, ब्रिटेन समझौतों के बाद व्यापार बढ़ाने को प्रतिबद्ध

5 Dariya News

लंदन 13-Nov-2015

भारत और ब्रिटेन ने 9.2 अरब पाउंड (14 अरब डॉलर) के समझौतों के बाद एक-दूसरे के साथ व्यापार सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है। भारत और ब्रिटेन के बीच ये समझौते भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता के बाद गुरुवार को हुए। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद जारी साझा बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री मोदी और कैमरन ने दोनों देशों के अभिन्न एवं मधुर कारोबारी संबंधों का उल्लेख किया और दोनों देशों के बीच 9.2 अरब पाउंड के समझौतों का स्वागत किया।"

बयान के मुताबिक, "पिछले 15 साल में भारत में ब्रिटेन का कुल विदेशी प्रत्यक्ष निवेश 8.56 प्रतिशत रहा है। ब्रिटेन में भारतीय कंपनियों के 1,10,000 लोगों को रोजगार दे रखा है।"बयान के मुताबिक, कैमरन ने बीमा क्षेत्र में अधिक एफडीआई के लिए भारतीय बाजार में निवेश के लिए अधिक ढील दिए जाने का उल्लेख किया। भारत की विशाल आबादी को बीमा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने बीमा एवं पेंशन क्षेत्र में एफडीआई सीमा बढ़ाकर 49 प्रतिशत कर दी है।

बयान के मुताबिक, "ब्रिटेन के बीमा उद्योगों ने भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर भारत में कई समझौतों की घोषणा की है। इन समझौतों से लगभग 23.8 करोड़ डॉलर का निवेश होगा। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने भारत में एचएसबीसी की स्कील्स फॉर लाइफ अभियान का स्वागत किया। एक करोड़ पाउंड के इस कार्यक्रम के तहत अगले पांच साल में 75,000 अलाभान्वित युवा लोगों और बच्चों को प्रशिक्षित किया जाएगा।