5 Dariya News

पूर्व पादरी की मौत की जांच पर नजर रखेगा मुख्यमंत्री कार्यालय

5 Dariya News

पणजी 12-Nov-2015

गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर ने गुरुवार को कहा कि उनका कार्यालय सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व पादरी बिस्मार्क डायस की रहस्यमय हालात में हुई मौत के मामले की पुलिस जांच पर खुद नजर रखेगा। पार्सेकर से डायस के घरवालों और मित्रों ने राज्य सचिवालय में मुलाकात की। इसके बाद पार्सेकर ने संवाददाताओं से कहा, "इसकी (जांच की) निगरानी मेरा दफ्तर करेगा। मैं अपनी सरकार की तरफ से इस मामले में हर तरह से मदद का भरोसा दिलाता हूं।"

मुख्यमंत्री ने यह भी वादा किया कि वह डायस के विसरा की फॉरेंसिक जांच जल्दी कराने में मदद देंगे। पुलिस का कहना है कि विसरा रिपोर्ट से यह जानने में मदद मिलेगी कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी या नहीं।डायस का शव सात नवंबर को मांडवी नदी के किनारे मिला था। इसके बाद पूरे राज्य में विपक्ष और नागरिक संगठनों ने प्रदर्शन किए थे।डायस के परिजनों और विपक्ष ने मौत के मामले की विस्तृत जांच की मांग की थी। सत्तारूढ़ भाजपा ने कहा कि मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए।डायस ने राज्य में जमीन लेने वाली कई रियल एस्टेट परियोजनाओं के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी थी। इनमें ग्रीनफील्ड हवाईअड्डा, गोल्फ कोर्स और तुएम में राज्य सरकार द्वारा बनाई जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक सिटी की परियोजनाएं शामिल थीं।