5 Dariya News

नई दिल्ली स्थित आईजीएनसीए में चल रहे राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के तीसरे दिन सांस्कृतिक गतिविधियां जारी

5 Dariya News

नई दिल्ली 03-Nov-2015

नई दिल्ली स्थित आईजीएनसीए में चल रहे राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के तीसरे दिन भी सांस्कृतिक गतिविधियां जारी है। हरियाणा और पंजाब के राज्यपाल श्री कप्तान सिंह सोलंकी, जो मुख्य अतिथि थे, का स्वागत केन्द्रीय संस्कृति (स्वतंत्र प्रभार), पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार) तथा नागर विमानन राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने किया। सांसद श्री विजय गोयल और विदेशों से आए प्रतिनिधि सहित अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की। श्री सोलंकी ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव समृद्ध भारतीय संस्कृति का जीवित उदाहरण है। उन्होंने कलाकारों की तारीफ की और कहा कि उनकी प्रदर्शनी और कलाकृतियां भारतीय विविधता की विरासत की असल प्रतिकृति हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति को संरक्षण देने व उसे प्रोत्साहन देने की दिशा में डॉ. महेश शर्मा द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। 

तीसरे दिन की शुरुआत 'सांस्कृतिक वेशभूषा: फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता' और 'ब्लॉक प्रिंटिंग कार्यशाला' के साथ हुई। क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्री (जेडसीसी) द्वारा आगंतुकों को 7 आंगन भेंट किए। इसमें कलाकृतियों की एक श्रंखला, पंजाब के हवेली चित्रकाली जैसी हस्तशिल्प, गुजरात की रोगन कलाकृति, बनारस सिल्क, कलमकारी (हाथ से पेंटेड या ब्लॉक प्रिंटिड कॉटन टेक्सटाइल), तंजौर चित्रकारी और बहुत सी चीजें शामिल हैं। तीसरे दिन की शाम उत्तरी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला द्वारा कोरियोग्राफ किए गए ऊर्जा से भरपूर कार्यक्रमों की गवाह रही। पंजाब का भांगड़ा, जम्मू और कश्मीर का रौफ व कुर्द, हरियाणा का फाग/घूमर, हिमाचल प्रदेश का सिरमौरी नाटी, उत्तराखंड का छौलिया और पंजाब लोक संगीत की धूम रही। शास्त्रीय नर्तक श्री संदीप महावीर और लोक गायक सुश्री मनप्रीत अख्तर ने शानदार प्रस्तुति दी।इस अपनी तरह के सबसे विविध 8 दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन 1 नवंबर, 2015 को नई दिल्ली स्थित आईजीएनसीए में किया गया था।