आईएसएल : नॉर्थईस्ट ने एटलेटिको को 1-0 से हराया
5 Dariya News
कोलकाता 07-Nov-2015
इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण के 32वें मैच में शनिवार को नॉर्थईस्ट युनाइटेड ने गत चैम्पियन एटलेटिको डी कोलकाता को 1-0 से हरा दिया। कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में नॉर्थईस्ट के मार्की खिलाड़ी सिमाओ सैंब्रोसा ने मैच के सातवें मिनट में पेनाल्टी पर मैच का पहला गोल किया जो मैच का एकमात्र गोल भी रहा।एटलेटिको और नॉर्थईस्ट दोनों के आठ-आठ मैचों से 10 अंक हैं, हालांकि गोल अंतर के बल पर एटलेटिको आठ टीमों की अंकतालिका में छठे और नॉर्थईस्ट सातवें स्थान पर है।
आक्रामक शुरुआत के साथ मैदान पर उतरी दोनों टीमें शुरू से ही गोल हासिल करने के लिए बेताब नजर आईं और एटलेटिको के कार्लोस लोपेज सातवें मिनट में फाउल कर बैठे जो उनकी टीम के लिए हार का कारण बना।कॉर्नर शॉट पर गेंद की ओर लपके लोपेज और नॉर्थईस्ट के ऑफ्तेंसे नैटो के बीच रीप्ले में जरा भी टक्कर होती नहीं दिखी, लेकिन मैच रेफरी कनाडा के डेविड जॉन गैंटर ने पेनाल्टी दे दिया।सैंब्रोसा के पेनाल्टी शॉट पर एटलेटिको के गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने सही दिशा में छलांग लगाई, लेकिन गेंद उनकी पहुंच से दूर रही और नेट में जा घुसी।