रोहतक रैली में भाजपा सरकार की विफलताओं का होगा पर्दाफाश: जसविन्द्र सिंह संधू
5 Dariya News
चंडीगढ़ 28-Oct-2015
इनेलो विधायक दल के उपनेता व पूर्व कृषि मंत्री जसविन्द्र सिंह संधू ने कहा कि पहली नवम्बर को ताऊ देवीलाल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में रोहतक में आयोजित सम्मान दिवस रैली में प्रदेश की अनुभवहीन भाजपा सरकार की एक साल की विफलताओं का भी पर्दाफाश किया जाएगा। श्री संधू ने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है, प्रदेश की सरकार जुमले बाजी की सरकार बन कर रह गई है विधानसभा चुनाव में जनता से सैकड़ों वायदे किए लेकिन आज तक एक भी वायदा पूरा न हुआ। इसके विपरित हजारों युवाओं से नौकरियां छीनकर उन्हें बेरोजगारी की लाइन में खड़ा कर दिया, बिजली के दामो में बेतहाशा वृद्धि कर लोगों पर अर्थिक बोझ डाला गया, किसानों की फसलें औने-पौने दामों पर लूटी गई, बुजुर्गो को सम्मान पैंशन के लिए दर-दर की ठोकरे खानी पड़ रही है, व शिक्षित युवा रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है।इनेलो विधायक ने रैली की तैयारियों को लेकर हल्का के गांव भट्माजरा, टीकरी, लोटनी, मलिकपुर, गंगहेड़ी, जलबेहड़ा, थांदड़ो, रोटी, झांसा, भुस्तला, माण्डी व कंथला आदि दर्जनों गांवों में जनसभाएं आयोजित कर पहली नवम्बर को रोहतक पहुंचने की अपील की। श्री संधू ने कहा कि रोहतक रैली युवाओं के लिए नई दिशा देने का काम करेगी। इस मौके पर उनके साथ कर्ण सिंह, महिन्द्र कंथला, भूपिन्द्र लोटनी भी मौजूद थे।