आईएसएल : मुंबई ने गोवा को 2-0 से हराया
5 Dariya News
मुंबई 25-Oct-2015
अब तक सिर्फ एक जीत के साथ अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर चल रही मुंबई सिटी एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण के 21वें मैच में रविवार को अंकतालिका में शीर्ष पर मौजूद एफसी गोवा को 2-0 से चौंकाऊ मात दे दी। भारतीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने मुंबई को 33वें मिनट पर पेनाल्टी पर गोल कर बढ़त दिलाई, जिसे 48वें मिनट में फ्रेडरिक पिक्विओने ने दोगुना कर दिया।पिक्विओने का गोल मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ, क्योंकि इसके बाद कोई भी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
इस जीत के साथ मुंबई आठ टीमों की अंकतालिका में पांच मैचों से सात अंक लेकर छठे पायदान पर पहुंच गई, जबकि हार के बावजूद गोवा छह मैचों से 10 अंक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है।गोवा की टीम ने शुरुआत तो आक्रामक की, लेकिन वे अपने आक्रमणों को गोल में तब्दील नहीं कर पाए। लेकिन घरेलू दर्शकों के बीच मुंबई ने धीरे-धीरे लय हासिल कर ली और हर मायने में गोवा पर भारी साबित हुए।