5 Dariya News

सभी किए गए वादे पूरे होंगे : नरेंद्र मोदी

5 Dariya News

विजयवाड़ा 22-Oct-2015

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून के तहत किए गए सभी वादों को अक्षरश: पूरा किया जाएगा। उड्डन्दारायुनिपालेम में आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती की आधारशिला रखने के बाद विशाल जनसमूह के सामने मोदी ने यह कहा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि आंध्र के विकास के सफर में केंद्र सरकार इसके साथ है। उन्होंने कहा, "निश्चिंत रहिए, चंद्रबाबू नायडू और मोदी की यह जोड़ी आंध्र के सपनों को पूरा करने के लिए वादों को निश्चित समय सीमा में पूरा करेगी।"लेकिन, मोदी ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने पर कुछ नहीं कहा। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस मामले में मोदी से उम्मीद लगाए हुए थे।

मोदी ने उम्मीद जताई कि अमरावती शहरी विकास का एक नमूना साबित होगी। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अपनी कौशलसंपन्न श्रमशक्ति के बल पर आंध्र स्टार्ट अप और नवोन्मेष के जरिए आर्थिक क्रांति का अगुआ बनेगा।मोदी ने कांग्रेस का नाम लिए बगैर कहा कि अपने राजनैतिक हितों के लिए और जल्दबाजी में राज्य को बांटने वाले फिर झूठे प्रचार से लोगों को भड़काकर जहर फैला रहे हैं।

मोदी का इशारा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के इस आरोप की तरफ था कि केंद्र सरकार राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने के वादे को पूरा नहीं कर सकी है।कांग्रेस और वाईएसआर कांग्रेस शिलान्यास समारोह में शामिल नहीं हुईं। इनका कहना है कि राजधानी के लिए किसानों से जबरन जमीनें ली गई हैं।मोदी ने कम समय में राजधानी के लिए दुनिया भर से श्रेष्ठ विशेषज्ञ जानकारियों को जमा करने के लिए नायडू की तारीफ की।मोदी ने कहा कि आजादी के बाद से कम ही शहर बने हैं। 

उन्होंने कहा कि बीते कुछ दशकों में दुर्भाग्य से यह सोच बन गई है कि शहरीकरण एक समस्या है।उन्होंने कहा, "जरूरत इस बात की है कि शहरीकरण को समस्या नहीं, अवसर माना जाए। यही वजह है कि दुनिया की प्रौद्योगिकी से कदम मिलाते हुए केंद्र सरकार 100 स्मार्ट शहरों की योजना पर काम कर रही है।"मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का ध्यान आंध्र प्रदेश में मानव संसाधन के विकास पर है। इसके लिए राज्य में उच्च शिक्षा और शोध के 11 संस्थान खोले जाएंगे।मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत तेलुगू से की। उन्होंने कहा कि वह नई राजधानी के लिए अपने साथ पवित्र यमुना का पानी और संसद परिसर की मिट्टी लेकर आए हैं। इसका मकसद यह बताना है कि केंद्र आंध्र के विकास के सफर में उसके साथ है।