5 Dariya News

दुष्यंत चौटाला ने डेंगू से निपटने के लिए उठाया कदम, फोगिंग मशीन उपलब्ध करवाएंगे

5 Dariya News

हिसार 19-Oct-2015

हिसार जिले में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए सांसद दुष्यंत चौटाला ने जिले के लोगों को फोगिंग मशीन उपलब्ध करवाने की पहल की है। सांसद दुष्यंत चौटाला हिसार जिले के छह हलकों में फोगिंग मशीन सरकारी अस्पतालों को उपलब्ध करवाएगे। इस संबंध में सांसद दुष्यंत चौटाला ने अपने सांसद निधि कोष से छह फोगिंग मशीन खरीदने के लिए एडीसी को जल्द से जल्द अस्टीमेट उपलब्ध करवाने के लिए पत्र लिखा है। सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले में डेंगू का प्रकोप दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है और डेंगू से जिले में  मौत भी हो चुकी है। हरियाणा सरकार डेंगू को महामारी घोषित कर चुकी है परन्तु जिले में डेंगू पर अंकुश नहीं लग पाया और डेंगू पीडि़त मरीजों की संख्या 500 आंकड़ा पार कर चुकी है। 

सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि डेंगू एक जानलेवा और घातक बीमारी है परन्तु जरा सी सावधानी बरत कर इसेे फैलने से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि जिले में समय-समय पर फोगिंग की जाएगी तो डेंगू के लिए जिम्मेवार मच्छर पनप ही नहीं पाएगा और जिले के लोग सुरक्षित रहेंगे। यहां बता दें कि कुछ सप्ताह पहले सांसद दुष्यंत चौटाला ने सामान्य अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया था और डेंगू वार्ड में वे गए थे। सामान्य अस्पताल के अधिकरियों के साथ बैठक कर सांसद ने डेंगू रोग की रोकथाम के लिए कड़े-कड़े कदम उठाने को कहा था। अब सांसद दुष्यंत चौटाला ने हिसार जिले के हिसार, आदमपुर, उकलाना, हांसी, बारवाला व नारनौंद के सामान्य अस्पताल में एक-एक फोगिंग मशीन अपने सांसद निधि कोटे से उपलब्ध करवाने के लिए डीसी को पत्र लिखा है।