5 Dariya News

शरद ऋतु में भी बने रहें फैशनपरस्त

5 Dariya News

नई दिल्ली 03-Oct-2015

फैशनपरस्त पुरुषों के लिए शरद ऋतु एक पेचीदा समय होता है, क्योंकि इस मौसम में उन्हें अपने गर्मी के मौसम के बिंदास स्टाइल वाले कपड़ों को अलविदा कहना पड़ता है। एक विशेषज्ञ का कहना है कि इस मौसम में नेहरू जैकेट और धारीदार परिधान आजमाना बढ़िया है। लग्जरी ब्रांड 'मिस्टर. फॉक्स' के मालिक एवं डिजाइनर अंगद सिह मल्होत्रा ने शरद ऋतु में शानदार दिखने के कुछ ऐसे ही टिप्स दिए हैं :

-धारीदार परिधान पहनें : आप बड़ी-बड़ी धारियों वाली पतलून, कमीज या कोट आजमा सकते हैं। धारियां कुछ ज्यादा न हो जाएं इसलिए अगर कमीज धारीदार है, तो पतलून बिना धारी वाले रखें।

-गहरा जामुनी लाल रंग : इस शाही रंग को अपने परिधानों में शामिल करें। इस रंग की पतलून, कोट या वेस्टकोट आजमाएं। गहरे जामुनी लाल रंग को संतुलित करने के लिए इसके साथ मटमैले, भूरे और सफेद रंग के परिधान पहनें। मसलन अगर आपका कोट गहरे जामुनी लाल रंग का है, तो कमीज इन रंगों में से एक रंग की पहनें, गहरे जामुनी लाल रंग की नहीं।

-चौड़ी मोरी वाली पतलून : 70 के दशक की चौड़ी मोरी वाली पतलून फैशन में लौट रही हैं। तंग मोरी वाली पतलून को अलविदा कहें और चौड़ी मोरी वाली पैंट आजमाएं।

-जैतूनी हरा रंग : इस रंग को शरद ऋतु के लिहाज से सर्वाधिक पसंदीदा रंग कहा जाता है। इसलिए अपने परिधानों में इस रंग का उपयोग धड़ल्ले से करें और छा जाएं।

-नेहरू जैकेट : त्योहारी मौसम के लिए ये जैकेट एकदम वाजिब हैं। ये बदलते मौसम के लिहाज से एक विश्वनीय परिधान भी साबित होंगी।