भारत-अमेरिका को स्टार्टअप से जोड़ना चाहते हैं नरेंद्र मोदी
5 Dariya News
सैन जोस 28-Sep-2015
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'इंडिया-यूएस स्टार्टअप कनेक्ट 2015' प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में मोदी को उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने वाली अपनी ताजा परियोजना के भविष्य का दर्शन हुआ। इस प्रदर्शनी में कोई 40 कंपनियों के जरिए स्टार्टअप के क्षेत्र में भारत की क्षमता प्रदर्शित की गई है।मोदी ने यहां उपस्थित प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों के समूह को संबोधित करते हुए कहा, "यहां आना एक बहुत बड़ा सम्मान है। मेरे लिए, यह एक खास समारोह है, क्योंकि स्टार्टअप का विचार, मेरे दिल के करीब है।"
उन्होंने कहा, "जब मैं पिछले साल (गुजरात से) दिल्ली पहुंचा, तो मैंने अपनी सरकार को एक स्टार्टअप के तौर पर देखा था।"मोदी ने सिलिकॉन वैली में द इंडस एंटरप्रेन्योर्स और भारतीय प्रबंधन संस्थान-अहमदाबाद (आईआईएम-ए) की साझेदारी में नैसकॉम द्वारा आयोजित इस आयोजन में भारतीय नवाचार को 30 स्टार्टअप की आंखों से रेखांकित किया।मोदी ने कहा कि स्टार्टअप का विचार उतना पुराना है, जितनी पुरानी यह दुनिया है। प्रत्येक आर्थिक युग पिछले आर्थिक युग के विघटन द्वारा और नए विचारों और उत्पादों के विकास द्वारा परिभाषित होता है।
उन्होंने कहा, "स्टार्टअप हमेशा से ही विकास का इंजन रहा है। आज के बड़े निकाय, कल के स्टार्टअप थे।"मोदी ने इसी के साथ 'भारत निधि' का अनावरण किया। यह निधि भारतीय उद्यमियों को बीज धन प्रदान करेगा।मोदी ने कहा, "भारत के दूर-दराज के एक गांव में बैठी एक लड़की आज के स्टार्टअप को देखकर अपने स्वयं की परियोजना का सपना देख सकती है।"