5 Dariya News

भगत सिंह व नरेंद्र मोदी भारतीय युवाओं के आदर्श : अनुराग ठाकुर

विजय सांपला, अनिल जोशी, सोमप्रकाश सहित अनेक नेताओं ने शहीद को दी श्रद्धांजलि

5 Dariya News

खटकड़कलां 27-Sep-2015

भगत सिंह व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के युवाओं के लिए यूथ आइकॉन बन चुके हैं। शहीदों के अधूरे सपनों को वर्तमान केंद्र सरकार पूरा करेगी। यह विचार भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती पर उनके पैतृक गांव में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। श्री ठाकुर ने कहा कि श्री मोदी के कार्यों से देश का नाम पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों की स्वतंत्रता की परिकल्पना केवल इतनी नहीं थी कि केवल अंग्रेजों को भारत से बाहर निकाल कर उनकी जगह पर काले अंग्रेज शासन संभाल लें। वे देश को शोषण, भ्रष्टाचार, भूख, बेरोजगारी से भी मुक्त करना चाहते थे। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने में आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिन-रात लगे हुए हैं। यह उनके सुदृढ़ नेतृत्व का ही कमाल है कि पूरी दुनिया में भारतीय ज्ञान, विज्ञान, भारतीय भाषाओं की स्वीकार्यता बढ़ी है। आयरलैंड जैसे देश में संस्कृत के श्लोक सुन कर कौन देशवासी है जो अभिभूत नहीं हुआ होगा। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के डिजीटल इंडिया, मेक इन इंडिया अभियान युवाओं को ही शक्तिशाली व सामथ्र्यवान बनाने के उपक्रम हैं। श्री ठाकुर ने देश की शिक्षा नीति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस नीति से केवल और केवल डिग्रीधारी बेरोजगार पैदा हो रहे हैं। इस क्रम को बदलने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्किल इंडिया का जो अभियान शुरू किया है उसके साथ अधिक से अधिक युवाओं को जोडऩे की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शिक्षित वही लोग कहलवाएंगे जिनके हाथ में हुनर होगा, काम करने की दक्षता होगी। उन्होंने देश के युवाओं को इसके लिए अपने आप को तैयार करने की अपील की।समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने कहा कि पूववर्ती सरकारों व कई राजनीतिक दलों ने युवाओं को जाति व धर्म के आधार पर लड़ाने के अतिरिक्त कुछ नहीं किया। यही कारण है कि आज युवाओं में असंतोष दिखाई दे रहा है परंतु केंद्र सरकार उनके जोश को सकारात्मक दिशा देगी। 

उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं की किसी समय पूरी दुनिया में धाक थी परंतु नशा, बेरोजगारी जैसी समस्याओं ने युवा वर्ग को बुरी तरह प्रभावित किया। पंजाब को हर कीमत पर नशामुक्त बना कर उसे पुराना गौरव दोबारा दिलवाया जाएगा। रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री विजय सांपला ने कहा कि देश को जाति-पाति व धर्म के भेदभावों से मुक्त कर लोगों को बराबरी का अधिकार देने का सही अर्थों में काम वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ही आरंभ हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ-सबका विकास नारे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अनिल जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि हर नागरिक साल में केवल 100 घंटे योगदान दे कर ही देश को डेंगू, मलेरिया, डायरिया जैसी बीमारियों से मुक्त कर सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से आज सेलिब्रेटी हाथों में झाड़ू लिए सड़कों पर सफाई करते नजर आते हैं। रैली को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री शिवबीर सिंह राजन ने भी संबोधित किया और इस सफल आयोजन के लिए पूरे युवा मोर्चा की टीम को बधाई दी। इस अवसर पर शहीद-ए-आजम स. भगत सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और देश के प्रति की गई उनकी कुर्बानियों व स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सराहा गया।

अनुराग ठाकुर ने युवाओं से खिंचवाई सैल्फी

पंच क्रांति रैली के समापन के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनुराग ठाकुर मंच के नीचे दर्शकों से मिलने युवाओं के बीच जा पहुंचे। उन्होंने यूथ वर्करों से जहां हाथ मिलाया और उनके साथ बातचीत की वहीं युवाओं में उनके साथ सैल्फी खिंचवाने में विशेष उत्सुकता दिखी। श्री ठाकुर ने युवा मोर्चा के परिचित कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम पूछा और उनसे बातचीत भी की।

युवा मोर्चा ने दिखाई ताकत

आज खटकड़कलां में हुई पंच क्रांति रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने अपनी ताकत का एहसास करवाया। इस रैली में प्रदेश के सभी जिलों से हजारों की संख्या में युवा जुटे और क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। सनद रहे कि युवा मोर्चा ने पहले भी कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं परंतु आज की उनकी रैली संख्या व युवाओं की उपस्थिति की दृष्टि से उल्लेखनीय रही।