5 Dariya News

कंप्यूटर टीचरों की नियुक्ति में एससी व बीसी को आरक्षण का लाभ दिया जाए:जसविंद्र सिंह संधू

5 Dariya News

पिहोवा 25-Sep-2015

इनेलो के पिहोवा के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि कंप्यूटर टीचरों की भर्ती आरक्षण की नीति के अनुसार की जाए और इस भर्ती में अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग सहित अन्य वर्गों को आरक्षण दिया जाए। जसविंदर संधू ने कहा कि उन्हें एससी और बीसी के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मिला था। प्रतिनिधिमंडल में शामिल एससी नेता मास्टर लाल चंद बाल्मीकि, डा जीत सिंह शेर, पूर्व एमसी डा ओमप्रकाश और पिछड़े वर्ग के नेता जीताराम पाल ने बताया कि हरियाणा सरकार ने कंप्यूटर टीचरों को नौकरी पर रखने के लिए सभी प्रिंसिपलों को अधिकार दिए हैं। 

प्रतिनिधिमंडल के नेताओं ने यह भी बताया कि आंदोलनरत कंप्यूटर टीचरों को दोबारा से 20 सितंबर तक नौकरी पर रखा गया है, लेकिन जो कंप्यूटर टीचर योग्यता पूरी नहीं करते थे या किसी कारणवश दोबारा नौकरी ज्वाइन करने नहीं आए, उन रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार ने स्कूलों के प्रिंसिपलों को अधिकृत किया है। कंप्यूटर टीचर लगने के इच्छुक युवा प्रार्थना पत्र दे रहे हैं और एक अक्तूबर से  इन रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है। 

इनेलो विधायक दल के उपनेता ने प्रतिनिधिमंडल की बात को ध्यान से सुनने के बाद विश्वास दिलाया कि वह हरियाणा सरकार से आरक्षित वर्ग के युवकों को उनका लाभ दिलाने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। श्री संधू ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति करते समय संविधान के अनुसार एससी, बीसी व अन्य वर्गों के लिए आरक्षित पदों पर इसी वर्ग के युवकों की नियुक्ति की जाए, ताकि आरक्षित वर्ग के युवकों के साथ पूरा न्याय हो सके।