5 Dariya News

मुख्यमंत्री ने संगड़ाह में 25 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों की रखी आधारशिलाएं

5 Dariya News

शिमला 23-Sep-2015

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज सिरमौर जिला के संगड़ाह में 7.07 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मिनी सचिवालय भवन की आधारशिला रखी। इस भवन चार मंजिला में 13 कार्यालय होंगे, जिनमें उपमण्डलाधिकारी, तहसील, उप-कोषागार, उपमण्डलीय पुलिस अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, खाद्य, नागरिक एवं आपूर्ति, निर्वाचन कानूनगो, कृषि विकास अधिकारी, सहायक लोक सम्पर्क अधिकारी तथा बागवानी विकास अधिकारी कार्यालय शामिल हैं। मिनी सचिवालय में सम्मेलन कक्ष व वीडियो सम्मेलन कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।मुख्यमंत्री ने 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह तथा संगड़ाह के लिए 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली जलापूर्ति योजना की भी आधारशिला रखी। 

इस योजना से क्षेत्र की तीन पंचायतों संगड़ाह, रैडली तथा अन्धेरी की 12 बस्तियों के 4200 से अधिक लोगों को लाभ होगा। वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के प्रति वचनबद्ध है और प्रदेश में 5 संस्कृत महाविद्यालयों के साथ 94 राजकीय महाविद्यालय युवाओं को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिन शिमला में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि वर्तमान सरकार द्वारा अपने अढ़ाई वर्षों से अधिक के कार्यकाल में घोषित 21 महाविद्यालयों का कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कालेज के लिए 5 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। यदि कालेज भवन का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त धन की आवश्यकता होगी तो वह भी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में खोले गए महाविद्यालयों में लड़कियों की अधिक संख्या होने पर खुशी व्यक्त की।इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने ददाहू में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि रेणुका बांध निर्माण परियोजना अधिकारियों द्वारा गरीब किसानों को भूमि आबंटन में हुई अनियमितताओं से वह भलीभांति परिचित हैं और लोगों के अधिकारों की हर कीमत पर रक्षा की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा गरीबों को प्रलोभन दिया गया तथा एक ही दिन में 100 से अधिक हल्फनामे बनाए गए और उनसे कम कीमत पर भूमि खरीदी गई, जिसे परियोजना प्रशासन को खरीदी गई कीमत से तीन गुणा अधिक दाम पर बेचा गया। उन्होंने कहा कि सरकार शीघ्र ही इसका समाधान निकालेगी।मुख्य संसदीय सचिव श्री विनय कुमार, विधायक श्री करनेश जंग, रोजगार सृजन एवं रिसोर्स मोबलाईजेशन के अध्यक्ष श्री हर्ष वर्धन चौहान, हिमफैड के अध्यक्ष श्री अजय बहादुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय सोलंकी, उपायुक्त श्री बी.सी. बढ़ालिया, पुलिस अधीक्षक श्री सोम संबासीवन, लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर श्री अशोक चौहान, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के चीफ इंजीनियर श्री के.सी. धीमान, मुख्य प्रारूपकार लोक निर्माण विभाग श्री एन.के. नेगी, वन अरण्यपाल श्री वाई.पी. गुप्ता व अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।