5 Dariya News

मेवात के माथे पर लगे गौ-हत्या के कंलक को अब धोने का समय आ गया : मनोहर लाल

5 Dariya News

मेवात 13-Sep-2015

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्राचीन काल से ही मेवात का क्षेत्र सबसे बड़ा गौ-पालक के रूप में देखा जाता रहा है। इस परंपरा को कायम रखते हुए यहां के लोग को अधिक से अधिक गऊओं का पालन करना चाहिए।मुख्यमंत्री रविवार को फिरोजपुर झिरका में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय मुस्लिम गऊ पालक सम्मेलन में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों में गौ-पालन में उल्लेखनीय भागीदारी करने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। सम्मेलन में उपस्थित सभी मुस्लमानों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे 25 सितंबर को बकरीद के मौके पर बलि न दें। इस आह्वान का मुख्य ईमाम उमर अहमद इलियासी ने उपस्थित जनसमूह की ओर से पूर्ण समर्थन किया। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने गौ संरक्षण व संवद्र्धन के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री को गॉय भी भेंट की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात के माथे पर लगे गौ-हत्या के कंलक को अब धोने का समय आ गया है, जिसपर सभी पर सद्भावना से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा गत किसी भी सरकार ने मेवात के विकास पर ध्यान नही दिया। अनाज मंडी के मैदान में उपिस्थत उमड़े जनसैलाब को भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार मेवात को विकास की मुख्यधारा में लायेगी और यहां हरियाणा के बाकी 20 जिलों के समान विकास किया जाएगा। आज भी मेवात में शिक्षा, रोजगार व परिवहन सहित अनेक मूलभूत सुविधाओं से महरूम है। पिछले 68 सालों में जात-पात और ऊंच-नीच की राजनीति हावी रही है, लेकिन हमारे जहन में जात-पात की राजनीति को कोई जगह नहीं है।मेवात को शहीदों की धरती बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के वीर सेनानियों की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता। 

उन्होंने कहा कि मेवात के लोग इस बात के लिए बधाई के पात्र हैं कि हरियाणा में गौ संरक्षण-गौ संवद्र्धन बिल पास करते हुए मेवात का भरपूर समर्थन मिला। आज गऊओं की रक्षा के लिए बनाए गए इस कानून की पूरे देश में चर्चा हो रही है। जब इस बिल को पास करने की बात आई तो मेवात के सभी जनप्रतिनिधियों ने पूरी तरह से समर्थन दिया। उन्होंने कहा देसी गऊओं को पालने पर राज्य सरकार से आर्थिक मदद भी दी जा रही है ताकि घर-घर में गऊ पालन हो।मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक एवं स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने फिरोजपुर झिरका मंच की ओर से गौ पालक सम्मेलन की शुरुआत को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि विद्वानों ने गॉय के दूध को शिफा बताया है। उन्होंने कहा पिछले कुछ महीनों में हुई घटनाओं में देश के लोगों ने आपसी भाईचारे की मिसाल कायम की है। उन्होंने गौ हिफाजत से संबंधित एक प्रस्ताव भी मंच से पढ़ा जिसका सभी ने हाथ उठाकर समर्थन किया। इस मौके पर गाय और इस्लाम शीर्षक से एक पुस्तिका तथा गाय की हिफाजत पर उलमा का नजरिया सी.डी. का विमोचन भी किया गया।

दिल्ली से आए मुख्य ईमाम उमर अहमद इलियासी ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सही मायने में मुख्यमंत्री से पहले एक भले व्यक्तित्व के धनी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाते हुए उपस्थित लोगों से अपील की कि वे 25 सितंबर को बकरीद पर गाय की बलि न दें। उन्होंने कहा कि आज मेवात रेड जोन के नाम से विख्यात हो रहा है हम सभी को संयुक्त प्रयास से इस बात को साबित करना है कि मेवात में किसी तरह की गौकशी नहीं होती।पुन्हाना के विधायक रईस खान ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा में श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि गऊओं के सरक्षण के लिए पूरा ईलाका मिलकर काम करेगा और वे क्षेत्र से संबंधित समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. राजकुमार भारद्वाज, राजनीतिक सलाहकार दीपक मंगला, सुविधानंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।