5 Dariya News

बृज राज शर्मा बने जम्मू एवं कश्मीर के नए मुख्य सचिव

5 Dariya News (Rouf Pampori)

श्रीनगर 07-Sep-2015

जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने सोमवार को बृज राज शर्मा को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया। मुहम्मद इकबाल खांडे ने राज्य के मुख्य सचिव पद से इस्तीफा देकर स्वैच्छि सेवानिवृत्ति ले ली, जिसके बाद से ही यह पद खाली था और राज्य के प्रशासनिक अमले में इसे लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। वर्ष 1984 बैच के आईएएस अधिकारी शर्मा का कार्यकाल 2020 तक होगा।राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में शर्मा के नाम पर मुहर लगाई गई। 

हालांकि वरिष्ठता क्रम में अरुण कुमार, सोनाली कुमार, अशोक अंगुराना और खुर्शीद अहमद गनई का स्थान शर्मा से ऊपर है। लेकिन, सरकार ने वरिष्ठता क्रम को नजरअंदाज कर शर्मा को राज्य के सर्वोच्च अधिकारी के पद की जिम्मेदारी सौंपी।खांडे ने सेवानिवृत्ति की निर्धारित तिथि 30 नवंबर, 2015 से तीन महीने पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की अर्जी दी थी, जिसे राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया था। माना जा रहा है कि खांडे ने पद छोड़ने का फैसला सरकार में शामिल नेताओं से मतभेद की वजह से लिया।