5 Dariya News

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का विद्यार्थियों से स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान का आह्वान

5 Dariya News

रोहड़ू (शिमला) 18-Aug-2015

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल प्रशासन यदि शिमला जिले के रोहड़ू में स्कूल की शाखा खोलने का इच्छुक हो तो प्रदेश सरकार इस कार्य के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाएगी।मुख्यमंत्री ने यह बात स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर जसिंथा से चर्चा के दौरान कही।श्री वीरभद्र सिंह ने आज सेक्रेेड हार्ट कान्वेंट स्कूल, ढली में आयोजित अंतर कक्षा गायन प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल ने बहुत कम समय में ख्याति अर्जित की है। उन्होंने स्कूल को प्रतिष्ठा दिलवाने में सिस्टर जसिंथा के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्कूल में शिक्षा के उच्च मानक स्थापित करने और अनुशासन बनाए रखने के लिए स्कूल स्टाफ को भी बधाई दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्यों के जीवन को आलोकित करने और प्रत्येक के व्यक्तित्व को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।वीरभद्र सिंह ने गायन प्रतियेागिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा करने और स्वस्थ एवं सुदृढ़ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक को अपने राष्ट्र और मानवता से प्रेम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी अपने जन्म और लालनपालन स्थलों के भेद से परे सर्वप्रथम एक भारतीय है। मुख्यमंत्री ने स्कूल में सभागार के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये देने की घोषणा की।उपायुक्त शिमला श्री दिनेश मल्होत्रा, पुलिस महा निदेशक गृह रक्षकएस.आर. मरडी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।